
घाटकोपर में आयोजित समारोह में राष्ट्रसंत नम्रमुनि महाराज का आशीर्वाद;
कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार और मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा रहे उपस्थित
मुंबई। महाराष्ट्र शासन के जैन अल्पसंख्यक विकास आर्थिक महामंडल की ओर से घाटकोपर के विधायक पराग शाह के माध्यम से रविवार, 1 नवंबर 2026 को घाटकोपर पूर्व स्थित आराध्य भक्ति पार्क, पुलिस हॉकी मैदान में ऋण वितरण समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर जैन समाज के 511 पात्र लाभार्थियों को कुल 51 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया।
समारोह में राष्ट्रसंत परम गुरुदेव नम्रमुनि महाराज साहेब की विशेष उपस्थिति एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार और मंगलप्रभात लोढ़ा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

महामंडल की इस पहल का प्रमुख उद्देश्य जैन समाज के पात्र जरूरतमंदों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें स्वरोजगार, व्यापार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। इस आर्थिक सहायता से युवाओं, छोटे उद्यमियों और जरूरतमंद परिवारों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर महामंडल के उपाध्यक्ष मितेश नाहटा, सदस्य अरविंद शाह, अल्पसंख्यक आयुक्तालय की आयुक्त प्रतिभा इंगले, राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त अध्यक्ष ललित गांधी, सदस्य रावसाहेब पाटील एवं सुनील पाटणी, प्रबंध निदेशक राजकुमार अलकुंटे, एआईजेएमएफ के राष्ट्रीय महामंत्री संदीप भंडारी तथा डॉ. माधवी खोडे-चवरे सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
समारोह में 511 लाभार्थियों को 51 करोड़ रुपये के ऋण वितरण को जैन समाज के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। इससे समाज के जरूरतमंद युवाओं और उद्यमियों को अपने सपनों को साकार करने तथा आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

