नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अक्टूबर में होगा उद्घाटन सितंबर की जगह अक्टूबर में होगा शुभारंभ

नवी मुंबई। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन की तारीख आगे बढ़ा दी गई है। अब इसका शुभारंभ अक्टूबर में होगा, जबकि यात्री उड़ान सेवाएं दिसंबर से शुरू होंगी। पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सितंबर में उद्घाटन के संकेत दिए थे।1
तकनीकी कार्य और मंजूरियों की प्रक्रिया जारी
सिडको के प्रबंध निदेशक विजय सिंघल ने बताया कि हवाई अड्डे पर कुछ तकनीकी कार्य अभी चल रहे हैं, जो अगले एक महीने में पूरे हो जाएंगे। उड़ानें शुरू करने से पहले नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से अनुमति लेना अनिवार्य है। इसके लिए एयरोड्रम लाइसेंस, रनवे की गुणवत्ता, सुरक्षा उपाय, एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम, अग्निशमन सेवा, सीमा शुल्क और इमिग्रेशन से जुड़ी मंजूरी आवश्यक है।
ओआरएटी प्रक्रिया में लगेगा समय
अधिकारिक प्रमाणपत्र मिलने के बाद हवाई अड्डे पर ‘ऑपरेशनल रेडिनेस एंड एयरपोर्ट ट्रायल्स’ (ORAT) की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें कम से कम एक महीने का समय लगेगा। इसी कारण उद्घाटन की तारीख अब अक्टूबर तय की गई है।
दिसंबर से उड़ानें शुरू होंगी
सिंघल ने कहा कि अक्टूबर में हवाई अड्डे का उद्घाटन होने के बाद दिसंबर के मध्य से यात्री परिवहन सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।