विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम :
डॉ मनसुख मांडविया
गुजरात कुतियाणा, 17 अक्टूबर। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए आगे आने की अपील की।

गुजरात के पोरबंदर जिले के कुतियाणा स्थित एस. एम. जाडेजा आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज में आयोजित ‘विकसित भारत युवा संवाद’ में मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में एक लाख युवा नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने की पहल की जा रही है।
उन्होंने युवाओं से ‘पंच प्राण’ के संकल्पों को अपनाने, राष्ट्रीय एकता बनाए रखने और नागरिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का आह्वान किया।मंत्री ने सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने और विश्वसनीय समाचार स्रोतों पर भरोसा करने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि अनुशासन, सेवा, समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ युवा विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

