Header Ad
Hindi News / Crime

हनीमून हत्याकांड: राजा के भाई ने उठाई सोनम और राज कुशवाह के नार्को टेस्ट की मांग, सामने आएगा ‘पूरा सच

Article Top Ad

मेघालय में हनीमून के दौरान हुए राजा रघुवंशी मर्डर केस में अब नार्को टेस्ट की मांग उठी है. राजा के भाई सचिन रघुवंशी ने कहा कि सोनम और राज कुशवाह जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं. जानें इस हाई-प्रोफाइल केस की पूरी कहानी.

राजा रघुवंशी मर्डर केस में अब एक नया मोड़ आ गया है. इंदौर के रहने वाले ट्रांसपोर्ट व्यवसायी राजा रघुवंशी शादी के बाद हनीमून पर मेघालय गए थे. मगर 23 मई को उनकी रहस्यमयी हालातों में मौत हो गई थी. उनकी लाश मौत के कई दिन बाद मिली. हत्या का इल्जाम उनकी नई नवेली दुल्हन सोनम रघुवंशी और उसके प्रेमी राज कुशवाह पर है. अब राजा के बड़े भाई सचिन रघुवंशी ने मुख्य आरोपी सोनम और उसके प्रेमी राज कुशवाह का नार्को एनालिसिस टेस्ट कराने की मांग की है.

क्या है नार्को टेस्ट की मांग का कारण

सचिन रघुवंशी का कहना है कि सोनम और राज कुशवाह एक-दूसरे पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा रहे हैं. इससे जांच को गुमराह किया जा रहा है. उनका मानना है कि इन दोनों के अलावा भी कई लोग इस साजिश में शामिल हो सकते हैं, जो अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. इसलिए नार्को टेस्ट जरूरी है, जिससे इन छिपे हुए किरदारों के नाम सामने आ सकेंगे

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी?

मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स के एसपी विवेक सिएम के अनुसार, राजा की हत्या की साजिश उनकी शादी से पहले ही इंदौर में रची गई थी. जिसका मास्टरमाइंड राज कुशवाह है, जबकि सोनम ने इस खौफनाक साजिश को अंजाम तक पहुंचाने के लिए सहमति दी थी. राजा और सोनम की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी. शादी के कुछ दिन बाद वे दोनों हनीमून के लिए चेरापूंजी (मेघालय) पहुंचे थे, और 23 मई को राजा लापता हो गया था

कौन-कौन हैं गिरफ्तार आरोपी

इस हत्याकांड के सिलसिले में अब तक पुलिस ने सोनम रघुवंशी और उसके प्रेमी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है

सोनम रघुवंशी (25 वर्ष) – मृतक की पत्नी-

राज कुशवाह (20 वर्ष) – सोनम का प्रेमी-

विशाल सिंह चौहान – कथित कॉन्ट्रैक्ट किलर-

आकाश राजपूत – कॉन्ट्रैक्ट किलर-

आनंद कुर्मी – कॉन्ट्रैक्ट किलर, राज कुशवाह का चचेरा भाई

पुलिस अधीक्षक (SP) विवेक के मुताबिक, यह कोई प्रोफेशनल सुपारी किलिंग नहीं थी, बल्कि दोस्तों ने ‘एहसान’ चुकाने के लिए एक दोस्त के लिए हत्या की वारदात को अंजाम दिया था

कितना पैसा मिला था हत्यारों को?

लंबी छानबीन और पूछताछ के बाद पता चला है कि राज कुशवाह ने अपने दोस्तों को यात्रा और खर्चे के लिए ₹50,000 दिए थे. यही नहीं, हत्या के बाद सोनम रघुवंशी को गायब कराने की योजना भी बनाई गई थी.

ऐसे मिली थी राजा की लाश

राजा की लाश 2 जून को वेइसाडोंग फॉल्स के पास एक गहरी घाटी में मिली थी. लेकिन उस वक्त सोनम गायब थी और उसकी तलाश जारी थी. मगर सारी कहानी शुलकर सामने आने के बाद आखिराकर कातिल बीवी सोनम रघुवंशी ने 9 जून को उत्तर प्रदेश के गाज़ीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था.

नार्को एनालिसिस टेस्ट क्या होता है?

इस टेस्ट के दौरान आरोपी व्यक्ति को सोडियम पेंटोथल नामक दवा दी जाती है, जिससे वह सम्मोहित अवस्था में चला जाता है. इस स्थिति में वह झूठ नहीं बोल पाता और सच उगलने लगता है.

सचिन रघुवंशी का कहना है कि उन्हें शक है कि सोनम के परिवार, खासकर उसकी मां को उसके रिश्ते की जानकारी पहले से थी, लेकिन फिर भी शादी कराई गई. जिसका खामियाजा उसके भाई को जान देकर चुकाना पड़ा

सचिन रघुवंशी ने कहा कि दोनों की पूछताछ के बारे में जो रिपोर्ट आ रही हैं, उनसे पता चलता है कि वे एक-दूसरे पर क्रूर हत्या का मास्टरमाइंड होने का आरोप लगाकर जांचकर्ताओं को गुमराह कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया, “ऐसा लगता है कि सोनम और कुशवाह जांच को गलत दिशा में ले जाने के लिए मिली भगत कर रहे हैं।”

सचिन रघुवंशी ने जोर देकर कहा कि दोनों ने अकेले हत्या की साजिश को अंजाम नहीं दिया होगा. उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि साजिश में और लोग शामिल हैं, लेकिन वे अभी भी पुलिस की पहुंच से बाहर हैं. उनके नाम नार्को विश्लेषण के जरिए सामने आ सकते हैं.’

Article Inline Ad
Article Bottom Ad

```html
🔔
Get Latest News Updates
Allow notifications to receive the latest news and important updates.
```