मुंबई। भारत विकास परिषद्, मुंबई-कोंकण प्रांत की प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता-2026 का आयोजन विलेपार्ले एवं मालाड पश्चिम शाखाओं के संयुक्त तत्वावधान में लोकमान्य सेवा संघ, विलेपार्ले पूर्व में हुआ। प्रतियोगिता में 25 विद्यालयों के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों सहित करीब 350 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

हिंदी, संस्कृत और लोकगीतों की प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावपूर्ण अभिव्यक्ति की।
कार्यक्रम में अभिनेता मनोज जोशी, भारत विकास परिषद् के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सीताराम पारीक, डॉ. एस. एस. मंथा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एल. आर. जाजू, पश्चिम क्षेत्र अध्यक्ष संपत खुर्दिया, संयुक्त महासचिव महेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। विलेपार्ले विधायक पराग तथा बोरीवली विधायक संजय उपाध्याय ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

मनोज जोशी ने भारतीय फिल्मों में गीत-संगीत की परंपरा, विभिन्न भारतीय भाषाओं के सम्मान और संस्कृत के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संस्कृत भारतीय संस्कृति और संस्कारों की गहरी जड़ों से जुड़ी भाषा है तथा नई पीढ़ी को भाषा के साथ संस्कारों से जोड़ना आवश्यक है।
प्रतियोगिता के परिणाम में लोकगीत समूहगान में एस. एम. शेट्टी हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज प्रथम, श्री मा बाल निकेतन, ठाणे द्वितीय तथा सुविद्यालया, बोरीवली पश्चिम तृतीय रहा। संस्कृत समूहगान में के एस. एम. शेट्टी हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज, पवई प्रथम, लोकनेते रामशेठ ठाकुर इंग्लिश मीडियम स्कूल एंड जूनियर कॉलेज, कामोठे, पनवेल द्वितीय तथा सेवन स्क्वायर एकेडमी, नायगांव, वसई तृतीय रहा।
हिंदी समूहगान में सेंट जेवियर्स इंग्लिश हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज, ठाणे ने प्रथम, एस. एम. शेट्टी हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज, पवई ने द्वितीय तथा सेवन स्क्वायर एकेडमी, नायगांव, वसई ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रांत में प्रथम स्थान प्राप्त पवई की एस. एम. शेट्टी हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज की टीम 25 अक्टूबर को अहमदाबाद में होने वाली क्षेत्रीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में मुंबई-कोंकण प्रांत का प्रतिनिधित्व करेगी।
आयोजन की सफलता में प्रांत अध्यक्ष अविनाश धर्माधिकारी के मार्गदर्शन तथा प्रांत महासचिव सीए सीमांत प्रधान सहित विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कांदिवली एवं भाईंदर ईस्ट शाखाओं को सर्वाधिक विद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त रूप से ब्रांच लेवल मैक्सिमम स्कूल पार्टिसिपेशन अवॉर्ड प्रदान किया गया।


