मुंबई , 23 अक्टूबर। बृहन्मुंबई महानगरपालिका के शिक्षा विभाग की ओर से विद्यालयों में परसबाग (विद्यालयी पोषण वाटिका) विकसित करने और जैविक सब्जियों की खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 200 कार्यानुभव शिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।

भायखला स्थित वीरमाता जिजाबाई भोसले वनस्पति उद्यान एवं प्राणिसंग्रहालय (वीजेबीयू) के सभागार में आयोजित इस कार्यशाला में शिक्षकों को तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया।
शिक्षा अधिकारी कीर्तिवर्धन किरतकुडवे के मार्गदर्शन तथा उपशिक्षा अधिकारी मुख्तार शहा, कार्यानुभव अधीक्षक लक्ष्मण गौसावी और कार्यानुभव विभाग की निदेशक तृप्ति पेडणेकर के समन्वय से आयोजित इस कार्यशाला में उद्यान अधीक्षक जितेंद्र परदेशी के निर्देशन में सहायक उद्यान अधीक्षक अविनाश यादव ने प्रशिक्षण दिया।

इस दौरान शिक्षकों को विद्यालय परिसर की खाली जगहों और छतों पर सब्जियां उगाने, उपयुक्त स्थान का चयन करने, मिट्टी तैयार करने, जैविक खाद के उपयोग, मौसम के अनुसार फसलों का चयन, बीज बोने, पौधरोपण, सिंचाई तथा जैविक तरीके से कीट एवं रोग नियंत्रण की जानकारी दी गई।
सीमित स्थान में सब्जी उत्पादन की विभिन्न विधियों से भी अवगत कराया गया।कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को खेती का व्यावहारिक अनुभव देना, जैविक कृषि के महत्त्व से परिचित कराना तथा उनमें प्रकृति के प्रति लगाव, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना था। विद्यालयों में परसबाग तैयार होने से विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण अनुकूल खेती सीखने का अवसर मिलेगा।

