Header Ad
Hindi News / Blog

शिक्षा की राह हुई सुगम, मोदी के जन्मदिन पर 176 छात्राओं को मिली साइकिल, कृपाशंकर सिंह की पहल से खिले छात्राओं के चेहरे

Article Top Ad

मोदी जी के जन्मदिन पर कृपाशंकर सिंह का युवा टच प्रोग्राम


कृपाशंकर सिंह की पहल से खिले छात्राओं के चेहरे,
शिक्षा की राह हुई सुगम

महराजगंज, जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर केवटली स्थित सर जेपी महिला महाविद्यालय में संकल्प सेवा अभियान के तहत छात्राओं के लिए साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्व गृह राज्यमंत्री, महाराष्ट्र कृपाशंकर सिंह की पहल पर 176 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। साइकिल हाथ में आते ही छात्राओं के चेहरों पर खुशी की चमक दिखाई दी।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृपाशंकर सिंह ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा को सुगम बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की भावना के अनुरूप साइकिल वितरण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र की किसी भी छात्रा को आवागमन की कठिनाई के कारण अपनी पढ़ाई बाधित न करनी पड़े। उन्होंने कहा कि साइकिल से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलने के साथ उनके समय की भी बचत होगी।


सिंह ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत रक्षा, तकनीक और विभिन्न क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ब्रह्मोस मिसाइल सहित आधुनिक रक्षा उपकरणों का निर्माण देश में हो रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में जारी औद्योगिक एवं विकास गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर कार्य कर रही हैं।


पद नहीं, कर्म पहचान बनाते हैं : सीमा द्विवेदी
राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि किसी व्यक्ति की पहचान केवल उसके पद से नहीं, बल्कि उसके कर्मों से होती है। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के बावजूद कृपाशंकर सिंह क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहकर जनसेवा के कार्य कर रहे हैं। जौनपुर से निकलकर मुंबई में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में पहचान बनाने तथा महाराष्ट्र सरकार में गृह राज्यमंत्री के पद तक पहुंचने की उनकी यात्रा का भी उन्होंने उल्लेख किया।


सीमा द्विवेदी ने कहा कि भाजपा सरकार विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनता तक पहुंच रही है। वहीं, बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा ने बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए साइकिल वितरण को छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहन देने वाली पहल बताया। उन्होंने बताया कि फत्तूपुर स्थित परमहंस आश्रम के लिए भी कृपाशंकर सिंह की पहल पर सरकार की ओर से ढाई करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम में बाबा परमहंस, भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति, पूर्व मुख्य आयकर आयुक्त गौरी शंकर सिंह, राममोहन सिंह, सत्येंद्र सिंह फंटू, श्याम राज सिंह, राम लगन सिंह, विद्यालय प्रबंधक राजेश जे. सिंह, सिद्धार्थ सिंह, लवकुश सिंह, बलबीर गौड़, देवेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad

```html
🔔
Get Latest News Updates
Allow notifications to receive the latest news and important updates.
```