‘राकेश के निर्मोही 9167014505
नांदेड, 26 सितंबर। मराठवाड़ा में अनिश्चित बारिश और फसल को हो रहे नुकसान के बीच उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा अजित पवार ने किसानों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी स्थिति में बेसहारा नहीं छोड़ा जाएगा और उनकी समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।

नांदेड जिले के लोहा तालुका के दौरे पर पहुंचीं पवार ने सोनखेड़ स्थित बारूल फाटा के समीप किसान संदीप रामराव जायभाय के खेत में पहुंचकर सोयाबीन की फसल का जायजा लिया। उन्होंने 9 जुलाई को बोई गई फसल की वर्तमान स्थिति, वृद्धि, संभावित उत्पादन तथा बारिश की कमी से हुए प्रभाव की जानकारी किसान से ली।
‘किसानों की पीड़ा समझती हूं’

खेत की मेड़ पर किसानों से संवाद करते हुए पवार ने फसल नुकसान के साथ पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता और परिवारों की रोजमर्रा की जरूरतों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा, “मैं मराठवाड़ा की बेटी हूं और यहां के किसानों की मुश्किलों को समझती हूं। मैं आपको विश्वास दिलाती हूं कि किसी भी किसान को बेसहारा नहीं छोड़ा जाएगा।”

सुनेत्रा पवार ने कहा कि किसानों के बच्चों की शिक्षा, पशुओं के लिए चारा और परिवार की आजीविका भी सरकार के लिए उतने ही महत्वपूर्ण विषय हैं।
जमीनी हालात का प्रत्यक्ष जायजा लेने के बाद पवार ने किसानों की समस्याओं को सरकार के स्तर पर उठाने तथा आवश्यक राहत एवं उपायों के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने प्रशासन को क्षेत्र की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने की बात भी कही।

