Header Ad
Hindi News / Blog / Mumbai

माथाडी कानून को और मजबूत किया जाएगा : फडणवीस माथाडी कामगारों को मिलेंगे आवास, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार के आयेंगे बेहतर अवसर

Article Top Ad

राकेश खंकरियाल निर्मोही
ठाणे। नवी मुंबई – मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया कि माथाडी कामगारों को सामाजिक सुरक्षा और कानूनी संरक्षण प्रदान करने वाला ऐतिहासिक माथाडी कानून किसी भी परिस्थिति में समाप्त नहीं किया जाएगा, बल्कि उसे और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाया जाएगा। वे अण्णासाहेब पाटील की 93वीं जयंती के अवसर पर वाशी स्थित एपीएमसी में आयोजित माथाडी कामगार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि वडाला स्थित गृह परियोजना की बाधाओं को दूर कर लगभग 2,850 से 3,000 माथाडी कामगारों को उनके अधिकार के घर उपलब्ध कराए जाएंगे।

भविष्य में भी कामगारों के लिए अतिरिक्त आवासीय परियोजनाएं विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। राज्य के सभी 36 माथाडी मंडलों को सशक्त एवं पुनर्गठित किया जाएगा। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए स्वतंत्र पैनल के माध्यम से लेखापरीक्षण कराया जाएगा।

कामगारों के वेतन, भविष्य निधि, ग्रेच्युटी, बोनस, मकान किराया तथा दुर्घटना मुआवजे से जुड़े लंबित मामलों का तत्काल निपटारा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि माथाडी कामगारों के नाम पर उनका आर्थिक नुकसान करने वाले अनधिकृत समूहों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। 50 किलोग्राम से अधिक वजन की बोरियों से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही वाशी एपीएमसी बाजार का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुनर्विकास कर माथाडी कामगारों के लिए स्थायी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।


कामगारों के बच्चों के उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास के लिए अण्णासाहेब पाटील आर्थिक मागास विकास महामंडल तथा ‘सारथी’ के माध्यम से स्वतंत्र योजनाएं संचालित की जाएंगी।
वन मंत्री गणेश नाईक ने माथाडी कामगारों की शैक्षणिक एवं सामाजिक उन्नति पर बल देते हुए नई पीढ़ी से उच्च शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने माथाडी अस्पताल के आधुनिकीकरण तथा वडाला गृह परियोजना को शीघ्र पूरा कराने के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया।
विपणन मंत्री जयकुमार रावल ने कहा कि किसान, माथाडी कामगार और व्यापारी कृषि बाजार व्यवस्था के प्रमुख आधारस्तंभ हैं। वाशी एपीएमसी बाजार का आधुनिक एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुनर्विकास किया जाएगा तथा 50 किलोग्राम वजन संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर अण्णासाहेब पाटील आर्थिक मागास विकास महामंडल के अध्यक्ष नरेंद्र पाटील, विधायक शशिकांत शिंदे, विधायक मंदाताई म्हात्रे, विधायक निरंजन डावखरे, विधायक मनोज जामसुतकर, नवी मुंबई की महापौर सुजाता पाटील, डॉ. प्राची पाटील सहित जनप्रतिनिधि, माथाडी संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कामगार उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों उत्कृष्ट माथाडी कामगारों को सम्मानचिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad

```html
🔔
Get Latest News Updates
Allow notifications to receive the latest news and important updates.
```