पिथौरागढ़ में कुछ करना चाहता हूं – कैप्टन सुंदर चंद ठाकुर
मुंबई में एक ऐसी संस्था की जरूरत थी जो कौथिग से ऊपर भी सोचे – डॉ पंवार
नवी मुंबई। वाशी स्थित स्पोर्ट्स क्लब सभागार में देवभूमि सोशल फाउंडेशन (डीएसएफ) के शुभारंभ अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में नवभारत टाइम्स के संपादक, प्रख्यात प्रेरक वक्ता एवं माइंड कोच सुंदर चंद ठाकुर तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित उद्योगपति एवं समाजसेवी डॉ. के. एस. पंवार का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य नागरिकों, उद्योगपतियों, समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
अपने प्रेरक संबोधन में सुंदर चंद ठाकुर ने कहा, “प्रत्येक व्यक्ति के भीतर परमात्मा निराकार प्रकृति और अदृश्य शक्ति के रूप में विद्यमान है। उसी परम शक्ति पर अटूट विश्वास रखिए। मैंने अपने जीवन में अनेक बार इस दिव्य शक्ति का अनुभव किया है। आज मैं जिस मुकाम तक पहुँचा हूँ, उसके पीछे मेरी मेहनत, लगन और अटूट विश्वास का ही योगदान है। अब मेरा संकल्प है कि अपने पैतृक जनपद उत्तराखंड के पिथौरागढ़ तथा समाज के लिए भी सार्थक कार्य करूँ।”

कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत करते हुए देवभूमि सोशल फाउंडेशन के प्रमुख एवं सामाजिक कार्यकर्ता मनोज भट्ट ने कहा कि लंबे समय से समाज के अनेक शुभचिंतकों की यह इच्छा थी कि एक ऐसी संस्था का गठन हो, जो केवल सांस्कृतिक आयोजनों तक सीमित न रहकर सामाजिक सरोकारों, शिक्षा, सेवा और जनकल्याण के क्षेत्रों में भी सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठजनों और शुभचिंतकों के सुझावों के आधार पर इस पहल को मूर्त रूप दिया गया है और आज उसी संस्था का विधिवत शुभारंभ किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यह आयोजन तीन महत्वपूर्ण उद्देश्यों को समर्पित है—पहला, देवभूमि सोशल फाउंडेशन (डीएसएफ) का शुभारंभ; दूसरा, समाज के वरिष्ठ पत्रकार सुंदर चंद ठाकुर के सेवानिवृत्ति उपरांत सम्मान; तथा तीसरा, समाज के वरिष्ठ उद्योगपति एवं समाजसेवी डॉ. के. एस. पंवार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त प्रतिष्ठित सम्मान के उपलक्ष्य में उनका अभिनंदन। उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित सभी अतिथियों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

लंदन में मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान, मुंबई में हुआ अभिनंदन
देश के प्रतिष्ठित केमिकल उद्योग एवं आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) विशेषज्ञ डॉ. के. एस. पंवार को उत्कृष्ट नेतृत्व, दूरदर्शी सोच तथा आधारभूत संरचना विकास और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए लंदन में आयोजित एक विशेष समारोह में ‘महात्मा गांधी लीडरशिप अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में मुंबई में आयोजित इस समारोह में भी उनका विशेष सम्मान किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. के. एस. पंवार ने केमिकल उद्योग के साथ-साथ शिक्षा, वित्त तथा अन्य अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनकी कार्यकुशलता और दूरदर्शी सोच के कारण उन्हें उत्तराखंड की पूर्व सरकार में मुख्यमंत्री के विशेष सलाहकार के रूप में भी दायित्व सौंपा गया था।
इस अवसर पर डॉ. के. एस. पंवार के करकमलों द्वारा देवभूमि सोशल फाउंडेशन (डीएसएफ) की आधिकारिक वेबसाइट का भी लोकार्पण किया गया।
समारोह में उद्योग जगत से जुड़े गिरवीर नेगी,भारत विकास परिषद महासचिव महेश शर्मा, नरेन्द्र जोशी, टेनिस क्रिकेट खिलाड़ी भरत लोहार,भोला दत्त पाठक, समाजसेवी सुलोचना कपिल, मीनाक्षी भट्ट, डॉ. प्रयाग रावत, सुशील जोशी, प्रो. प्रहलाद अधिकारी, स्वतंत्र जनसमाचार के कार्यकारी संपादक राकेश खंकरियाल ‘निर्मोही’, प्रवीन चंद ठाकुर,पूरन चंद्र पाण्डेय, जशवंत सिंह बिष्ट, कैलाश चंद्र ठाकुर, स्वरुप चंद पोखरियाल,धनवीर चमियाल, लोकगायक सुरेश काला, रमेश गोदियाल, राकेश पुंडीर, पत्रकार गोविंद आर्य, भवन निर्माण क्षेत्र से जुड़े नीरज चंद्रा, श्रीमती पुष्पा भट्ट, निर्मला पाण्डेय, रजनी पंत, गीतिका नगरकोटी, सोनम जुयाल, शशि नेगी, हेमा बुटोला, दयाल भट्ट, अनूप धौलाकोटी, अमित चंद ठाकुर, भूपेंद्र चंद ठाकुर सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन लोकेंद्र ओझा ने किया, जबकि अंत में देवभूमि सोशल फाउंडेशन के प्रमुख मनोज भट्ट ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
:::

