ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 : जनसमाचार खेल संवाददाता
नई दिल्ली। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उन्हें केंद्रीय श्रम, रोजगार और खेल मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने न सिर्फ उनकी पीठ थपथपाई बल्कि विधिवत उन्हें मैडल और मानधन देकर सम्मानित भी किया ।

अपने संबोधन में माडविया ने कहा कि झंडु कुमार का यह प्रदर्शन देश के लिए गर्व का विषय है।
झंडू कुमार की सफलता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संकल्प का साकार रूप माना जा रहा है, जिसके अंतर्गत पैरा खेलों को मुख्यधारा में लाने तथा पैरा खिलाड़ियों को अन्य खिलाड़ियों के समान अवसर, सुविधाएँ और प्रोत्साहन प्रदान करने पर विशेष बल दिया गया है।

झंडू कुमार की इस उपलब्धि ने देशभर के खिलाड़ियों और युवाओं को नई प्रेरणा दी है तथा भारतीय पैरा खेलों की बढ़ती सशक्त उपस्थिति को वैश्विक मंच पर एक बार फिर स्थापित किया है। खेलमंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री मोदी के १२ वर्षों के कार्यकाल में देश के तमाम युवा खिलाड़ियों को खेलने का मनचाहा माहौल मिला है।