स्वर्गीय अजित पवार की जयंती तिथि शासकीय स्तर पर महापुरुषों की सूची में शामिल करने और मनाने की राकांपा मंत्रियों की मांग
स्वर्गीय अजित पवार की जयंती तिथि शासकीय स्तर पर हो कार्यक्रम

मुंबई, 14 जुलाई (मंगलवार): राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल तथा वरिष्ठ नेता एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ज्ञापन सौंपकर स्वर्गीय अजितदादा पवार की 22 जुलाई को मनाई जाने वाली जयंती को महाराष्ट्र के शासकीय कार्यालयों में आयोजित किए जाने वाले राष्ट्रपुरुषों एवं महान विभूतियों की जयंती कार्यक्रमों की आधिकारिक सूची में शामिल करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि तत्कालीन उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय अजितदादा पवार का महाराष्ट्र के सामाजिक, राजनीतिक तथा विकासात्मक निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
जनसामान्य के लिए किए गए उनके कार्यों तथा राज्य की प्रगति में निभाई गई उनकी उल्लेखनीय भूमिका को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2026 की शासकीय जयंती कार्यक्रम सूची में 22 जुलाई को उनकी जयंती का समावेश किया जाना आवश्यक है।दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि इस संबंध में आवश्यक संशोधित परिपत्र शीघ्र जारी किया जाए तथा राज्य के सभी शासकीय, अर्धशासकीय कार्यालयों, विद्यालयों और महाविद्यालयों को तत्काल इसकी जानकारी देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।