इंडियन आर्मी और एयरफोर्स को मिलेंगे 200 नए हल्के हेलिकॉप्टर सेना को 120 और 80 वायुसेना को मिलेंगे


पुराने चेतक-चीता हेलिकॉप्टर रिटायर होंगे
इन मिशनों में होगा इस्तेमाल
दुश्मन की निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाना
सीमित सैनिकों को मिशन पर पहुंचाना
त्वरित प्रतिक्रिया टीमों की तैनाती
जमीनी युद्ध में सहायता
घायल सैनिकों को निकालना और राहत-बचाव कार्य
आवश्यकता पड़ने पर नागरिक प्रशासन की मदद
नई दिल्ली। भारतीय सेना और वायुसेना अपने पुराने चेतक और चीता हेलिकॉप्टरों को चरणबद्ध तरीके से हटाकर करीब 200 नए हल्के हेलिकॉप्टर खरीदने की तैयारी कर रही है। रक्षा मंत्रालय ने इसके लिए रिक्वेस्ट फॉर इन्फॉर्मेशन (RFI) जारी किया है। इन हेलिकॉप्टरों में से 120 सेना को और 80 वायुसेना को मिलेंगे। इन्हें रिकॉनेसेन्स और सर्विलांस हेलिकॉप्टर (RSH) श्रेणी में रखा गया है, जो दिन और रात दोनों समय ऑपरेशन में सक्षम होंगे।

तकनीकी जरूरतें और साझेदारी पर फोकस
रक्षा मंत्रालय का उद्देश्य तकनीकी आवश्यकताओं को तय करना, खरीद प्रक्रिया का रोडमैप बनाना और संभावित आपूर्तिकर्ताओं की पहचान करना है। इसमें भारतीय कंपनियों को भी शामिल किया जाएगा, जो विदेशी मूल उपकरण निर्माता (OEMs) के साथ साझेदारी कर देश में ही हेलिकॉप्टर बना सकें।
अन्य सैन्य खरीदारी की भी योजना
डिफेंस मिनिस्ट्री ने अन्य प्लेटफॉर्म के साथ यूटिलिटी हेलिकॉप्टर, लो-लेवल रडार, हल्के लड़ाकू विमान (LCA), मल्टी-रोल हेलिकॉप्टर और मिड-एयर रिफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट खरीदने की भी योजना बनाई है।

45,000 करोड़ के हेलिकॉप्टर सौदे को हरी झंडी
हाल ही में मंत्रिमंडल की सुरक्षा समिति ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) से 156 हल्के लड़ाकू हेलिकॉप्टर खरीदने को मंजूरी दी है, जिसकी कीमत 45,000 करोड़ रुपये से अधिक है। ये हेलिकॉप्टर सेना और वायुसेना में बांटे जाएंगे और चीन-पाकिस्तान सीमा पर तैनात होंगे।