Header Ad
Hindi News / World

राहुल गांधी ने मानी कांग्रेस की गलती, कहा- ऑपरेशन ब्लू स्टार एक भूल थी

Article Top Ad


ब्राउन यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में बोले- 80 के दशक की गलतियों की जिम्मेदारी लेने को तैयार हूं

बॉस्टन। अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार को कांग्रेस की गलती करार दिया। एक सिख युवक के सवाल पर राहुल ने कहा, “जो भी गलतियां 80 के दशक में कांग्रेस से हुईं, मैं उनकी जिम्मेदारी लेने को तैयार हूं।” इस कार्यक्रम का वीडियो रविवार को वायरल हुआ।

इस टिप्पणी के बाद भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा, “अब उनकी आलोचना केवल भारत तक सीमित नहीं रही, विदेशों में भी होने लगी है।”

सिख युवक ने लगाए गंभीर आरोप, कहा- कांग्रेस राज में नहीं थी अभिव्यक्ति की आजादी

ब्राउन यूनिवर्सिटी के इस ओपन इवेंट में सिख युवक ने राहुल गांधी पर तीखे सवाल दागे। उसने कहा, “आप सिखों की बात करते हैं, लेकिन उनके बीच डर भी पैदा करते हैं कि बीजेपी क्या करेगी। हमें अभिव्यक्ति की आजादी चाहिए, जो कांग्रेस के शासन में नहीं थी।”

युवक ने आगे कहा, “आनंदपुर साहिब रेजोल्यूशन दलित अधिकारों की बात करता है, लेकिन कांग्रेस ने उसे अलगाववादी घोषित कर दिया। कोर्ट ने सज्जन कुमार को सजा दी, लेकिन कांग्रेस में आज भी कई सज्जन कुमार जैसे लोग मौजूद हैं।”

राहुल गांधी का जवाब- कांग्रेस के अतीत की गलतियों की जिम्मेदारी से नहीं भागूंगा

राहुल ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि सिख किसी चीज से डरते हैं। 80 के दशक की कांग्रेस सरकार की जो भी गलतियां थीं, उनकी मैं जिम्मेदारी लेने को तैयार हूं, चाहे मैं उस वक्त वहां नहीं था। कांग्रेस के इतिहास में जो गलत हुआ, उससे मुंह नहीं मोड़ूंगा।“

1984 के दंगों में मारे गए थे 3,000 से ज्यादा सिख

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 1984 में इंदिरा गांधी सरकार द्वारा पंजाब में चलाए गए ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद भड़के दंगों में 3,000 से अधिक सिखों की हत्या कर दी गई थी। इस सैन्य कार्रवाई में संत भिंडरांवाले मारे गए थे और अकाल तख्त को गंभीर नुकसान पहुंचा था। इसके बाद प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या हुई, जिसने देशभर में सिख विरोधी दंगों को जन्म दिया।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad

```html
🔔
Get Latest News Updates
Allow notifications to receive the latest news and important updates.
```