जलवायु, स्वच्छ वायु, किफायती आवास और एआई आधारित शहरी प्रशासन पर होगी चर्चा
मुंबई -मुंबई, 10 अगस्त। भारत की अध्यक्षता में आयोजित होने जा रहे ‘ब्रिक्स मैत्री नगर सम्मेलन–2026’ में विश्व के उभरते नगरों के भविष्य और शहरी विकास की चुनौतियों पर व्यापक मंथन होगा। इसमें महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा तथा मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस मंगलवार, 11 अगस्त को मुंबई के फोर सीजन्स होटल में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

मुंबई फर्स्ट के उपाध्यक्ष अशांक देसाई ने मुंबई प्रेस क्लब में सम्मेलन की घोषणा करते हुए बताया कि इसमें 15 शहरों के प्रतिनिधि सहभागी होंगे। जिसमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, ईरान और इंडोनेशिया के प्रतिनिधिमंडलों की सहभागिता सम्मेलन को वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण बनाएगी। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित विभिन्न सहभागी नगरों के प्रमुख प्रतिनिधि भी सम्मेलन में उपस्थित रहेंगे।
मुंबई फर्स्ट ने महाराष्ट्र एवं भारत सरकार के सहयोग से वर्ष 2016 में पहली बार इस प्रकार के सम्मेलन का आयोजन किया था। इस बार सम्मेलन के छह सत्रों में शहरी लचीलापन, नवाचार, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और सतत विकास जैसे विषयों पर विशेषज्ञों एवं नीति-निर्माताओं के बीच विचार-विमर्श होगा।सम्मेलन में शहरी जलवायु परिवर्तन से निपटने की रणनीति, शहरों को ठंडा रखने के उपाय, तटीय सुरक्षा, स्वच्छ वायु, किफायती आवास, कम-कार्बन परिवहन तथा शहरी प्रशासन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषय प्रमुखता से उठेंगे।
आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन का उद्देश्य केवल विचार-विमर्श तक सीमित न रहकर व्यावहारिक और व्यापक स्तर पर लागू किए जा सकने वाले समाधान विकसित करना है। इसे भविष्य में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले ‘ब्रिक्स मैत्री नगर मंच’ की आधारशिला के रूप में विकसित करने की योजना है।
मुंबई फर्स्ट के अध्यक्ष नरेंद्र नायर ने कहा कि सम्मेलन का लक्ष्य संवाद को कार्रवाई में बदलना है। विभिन्न देशों के नगरों को एक साझा मंच पर लाकर ज्ञान, अनुभव और विशेषज्ञता का आदान-प्रदान किया जाएगा, ताकि भविष्य के शहर अधिक सक्षम, समावेशी, टिकाऊ और आपदाओं के प्रति सुदृढ़ बन सके।