Header Ad
Hindi News / Blog

मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़, दो की हालत गंभीर

Article Top Ad


मुंबई.
दिवाली और छठ पूजा के लिए देश भर से लोग अपने-अपने घरों की ओर जा रहे हैं. कुछ ने महीनों पहले रिजर्वेशन करा लिया था तो कुछ बिना टिकट किसी तरह अपने घर पहुंचने की जुगत में हैं. इस बीच महाराष्ट्र के मुंबई में बांद्रा रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मच गई. इस भगदड़ में 9 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 2 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. BMC के मुताबिक, बांद्रा से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन संख्या 22921 से यात्रा करने के लिए आए लोगों की भीड़ इतनी थी कि भगदड़ मच गई. हादसा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर हुआ. भगदड़ में घायल हुए यात्रियों को बांद्रा के बाबा अस्तपाल में भर्ती कराया गया है. 9 यात्रियों में से 7 की स्थिति स्थिर बताई जा रही है, जबकि 2 यात्रियों की स्थिति गंभीर है.
प्लेटफॉर्म पर व्यवस्था ठीक न होने का आरोप
रेलवे प्रशासन पर आरोप लगा है कि सुरक्षा के इंतजाम स्टेशन पर नहीं हैं. प्लेटफॉर्म पर कुछ RPF जवान हैं, जो कतार में लगाने का अनुरोध करते हैं. हालांकि, ट्रेन आने पर कोई लाइन नहीं दिखती. लोग ट्रेन के कोच में घुसने के लिए एक दूसरे पर चढ़ने लगते हैं. लोग एक दूसरे को पीछे खींचते हुए खुद डिब्बे में घुसने की होड़ लगाए हुए थे. भगदड़ के बाद देखा गया कि लोगों के कपड़े तक फट गए थे. किसी की शर्ट फटी तो किसी की पैंट. सारा सामान बिखरा पड़ा मिला. प्लेटफॉर्म पर जगह-जगह खून पड़ा है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि भगदड़ में लोगों को गंभीर चोटें आई हैं.
पश्चिमी रेलवे के CPRO ने दी जानकारी
पश्चिमी रेलवे के सीपीआरओ विनीत अभिषेक ने बताया कि ट्रेन नंबर 22921 मुंबई से गोरखपुर के लिए चलाई जाती है. इस ट्रेन के सारे डब्बे जनरल यानी अनारक्षित होते हैं. ट्रेन को 5:15 पर चलना था, लेकिन त्योहार के सीजन में यह तय किया कि ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर 2-3 घंटे पहले ही ला कर खड़ा कर दिया जाए ताकि लोग आराम से चढ़ सकें. हालांकि, प्लेटफॉर्म पर आने से पहले ही लोगों ने गाड़ी में चढ़ना शुरू कर दिया. रेलगाड़ी चालू हालत में थी, जब लोगों ने उसके अंदर चढ़ना शुरू किया, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ.
सीपीआरओ विनीत अभिषेक ने यह भी बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार कई ज्यादा हॉलीडे स्पेशल ट्रेन चलाई गई हैं. केवल मुंबई से ही देशभर के अलग-अलग स्टेशनों के लिए 87 ट्रेन चल रही हैं.

Article Inline Ad
Article Bottom Ad

```html
🔔
Get Latest News Updates
Allow notifications to receive the latest news and important updates.
```