महेश ट्यूटोरियल्स की 33 शाखाएं अचानक बंद, हजारों विद्यार्थियों का भविष्य अधर में
महेश ट्यूटोरियल्स की 33 शाखाएं अचानक बंद –
2026 -2027 की एडवांस फीस अभिभावकों ने अदा की है.

3000 से अधिक छात्रों का भविष्य अधर में
मुलुंड मुंबई। राज्य की प्रतिष्ठित कोचिंग संस्था महेश ट्यूटोरियल्स ने बिना पूर्व सूचना महाराष्ट्र की 33 शाखाएं बंद कर दी हैं। नए शैक्षणिक सत्र का पूरा शुल्क अग्रिम लेने के बाद कक्षाएं बंद होने से तीन हजार से अधिक विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों के समक्ष गंभीर शैक्षणिक और आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई 2026 से शाखाओं का संचालन बंद कर दिया गया। प्रभावित विद्यार्थियों में बड़ी संख्या दसवीं-बारहवीं तथा सीबीएसई-आईसीएसई के छात्र-छात्राओं की है। अभिभावकों का आरोप है कि न तो शुल्क वापसी की व्यवस्था की गई और न ही वैकल्पिक शिक्षण की कोई स्पष्ट योजना बताई गई।

इस बीच, महेश ट्यूटोरियल्स की मूल कंपनी एमटी एज्युकेयर लिमिटेड पहले से ही राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) के तहत दिवालियापन समाधान प्रक्रिया से गुजर रही है। कंपनी की वित्तीय स्थिति को लेकर लेखा परीक्षकों ने भी गंभीर टिप्पणियां की हैं।
प्रभावित अभिभावकों ने राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर विद्यार्थियों के हितों की रक्षा, शुल्क वापसी अथवा वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। इस घटना के बाद निजी कोचिंग संस्थानों के नियमन और पारदर्शिता को लेकर भी नए सिरे से बहस तेज हो गई है।