बोरीवली-कांदिवली रेलवे स्टेशनों का होगा कायाकल्प : संजय उपाध्याय
मुंबई – बोरीवली के भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने स्वतंत्र जनसमाचार को बताया कि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी व्यास के निर्देश पर बोरीवली और कांदिवली रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों स्थानीय क्षेत्र की समस्याओं को लेकर संजय उपाध्याय रेल मंत्री को मिले थे और बोरीवली- कांदिवली की रेलवे संबंधित समस्याएं उनके समक्ष रखी थी। जिसके कुछ दिनों के बाद ही उनके द्वारा उठाए गए प्रश्नों पर तीव्र गति से काम शुरू हो रहा है।

रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) एवं रेलवे अधिकारियों ने स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर परियोजना को अंतिम रूप देने की दिशा में कार्य प्रारंभ कर दिया है।प्रस्तावित योजना के अंतर्गत यात्रियों के लिए सुगम आवागमन, टैक्सी-ऑटो एवं निजी वाहनों की बेहतर कनेक्टिविटी, पर्याप्त टिकट काउंटर, स्वच्छ शौचालय, सभी प्लेटफार्मों पर एस्केलेटर तथा स्टेशन परिसर का एकीकृत विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

बोरीवली स्टेशन पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करने के लिए कांदिवली स्टेशन को एक प्रमुख परिवहन केंद्र (हब) के रूप में विकसित करने की भी योजना है।उपाध्याय ने बताया कि आगामी सप्ताह में बोरीवली स्टेशन पर विशेष शिविर आयोजित कर यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से सुझाव लिए जाएंगे, जिन्हें अंतिम विकास योजना में शामिल किया जाएगा।
उपाध्याय ने मंत्री की तत्परता की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इस परियोजना से उपनगरीय क्षेत्र के लाखों यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और बड़ी राहत मिलेगी।