मेरा इलाज चल रहा है, इसलिए बंगला नहीं छोड़ा: धनंजय मुंडे

मुंबई। पूर्व मंत्री और राकांपा (अजित) विधायक धनंजय मुंडे मंत्री पद छोड़ने के करीब पांच महीने बाद भी सरकारी बंगला खाली न करने को लेकर विवाद में हैं। मुंडे का कहना है कि उनका मुंबई में इलाज चल रहा है और निजी आवास न होने के कारण वह अभी तक बंगले में रह रहे हैं, जिसे अब मंत्री छगन भुजबल को अलॉट किया जा चुका है। उन्होंने नियमों के खिलाफ कब्जा करने के आरोपों को खारिज करते हुए इलाज पूरा होने पर बंगला खाली करने की बात कही। सामाजिक कार्यकर्ता अंजली दमानिया ने उन्हें 48 घंटे में बंगला खाली करने की चेतावनी दी है और किराए की रकम माफ होने पर प्रदर्शन करने की घोषणा की है। पीडब्ल्यूडी ने मुंडे को इस्तीफे के 15 दिन बाद ही बंगला खाली करने का आदेश दिया था, लेकिन करीब पांच महीने बाद भी वह वहीं रह रहे हैं, जिससे उन पर लगभग 42 लाख रुपये का जुर्माना बकाया हो चुका है।