महाराष्ट्र से जुड़ेंगे गांव गांव तक के लिंक
ठाणे, 30 सितंबर। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) महाराष्ट्र प्रदेश इकाई की कार्यकारिणी बैठक बुधवार को ठाणे में हुई। बैठक में महाराष्ट्र में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

प्रदेश अध्यक्ष बलबीर सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में नवनियुक्त कार्यकारिणी सदस्यों को मनोनयन पत्र प्रदान कर संगठनात्मक दायित्व सौंपे गए। इसके साथ ही प्रदेश में संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए जमीनी स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।

बैठक में उत्तराखंड में यूकेडी के छात्रसंघ चुनाव में विजयी छात्र प्रतिनिधियों को बधाई दी गई। युवाओं एवं छात्र शक्ति को संगठन से जोड़ने तथा उन्हें आगामी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका देने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

महाराष्ट्र में संगठन का आधार व्यापक करने के लिए मुंबई, ठाणे और पालघर में सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने तथा आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर चर्चा हुई। आगामी रविवार को प्रस्तावित बैठक और उसमें निर्धारित किए जाने वाले संगठनात्मक कार्यों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में चामू सिंह राणा, महेश चंद रजवार, ज्योति सिंह राठौड़, पत्रकार केशर सिंह बिष्ट और एडवोकेट दरम्यान सिंह बिष्ट सहित प्रदेश अध्यक्ष बलबीर सिंह रावत, बुद्धिप्रसाद देवली, ज्योति कोठियाल, सीमन लाल आर्य तथा दिनेश इन्द्रदत्त अंथवाल उपस्थित रहे।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, सदस्यता अभियान को व्यापक बनाने और आगामी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प व्यक्त किया।

