अंबरनाथ में बप्पा के मोदक 1.85 लाख रुपये में नीलाम

अंबरनाथ। अंबरनाथ के पश्चिमी भाग में स्थित बुआपाड़ा स्थित खाटूश्याम मित्र मंडल ने इस वर्ष गणेशोत्सव के दौरान एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया। मंडल की ओर से रखे गए गणपति बप्पा के मोदक की नीलामी 1.85 लाख रुपये की भारी भरकम बोली लगाकर हुई। अनामिका त्रिपाठी ने यह मोदक रिकॉर्ड बोली लगाकर खरीदा और अपने पिता प्रमोद कुमार चौबे को उपहार स्वरूप दिया।
पिछले 33 वर्षों से खाटूश्याम मित्र मंडल सार्वजनिक गणेशोत्सव मनाता आ रहा है। इस मंडल की एक विशेष परंपरा है कि अनंत चतुर्दशी से दो दिन पहले गणपति को एक बड़ा मोदक चढ़ाया जाता है और अनंत चतुर्दशी के दिन इसकी नीलामी की जाती है। इस मोदक की बोली लगाने वालों का मानना है कि जो भी इस मोदक को खरीदता है, उस पर साल भर बप्पा की कृपा बनी रहती है और वह समृद्ध होता है। इसी आस्था के चलते हर साल कई भक्त बड़े उत्साह से इस मोदक की बोली लगाते हैं।
इस साल भी कई भक्तों ने बोली लगाई, लेकिन अनामिका त्रिपाठी ने सबसे ऊंची बोली लगाकर यह मोदक खरीदा। मंडल अध्यक्ष प्रमोद कुमार चौबे ने बताया कि मोदक नीलामी की यह परंपरा पिछले दस वर्षों से चली आ रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इस परंपरा से सामाजिक कार्यों के लिए धन एकत्रित होता है।