Blog

नगर निकाय चुनाव में एनसीपी का दमदार प्रदर्शन, 38 नगराध्यक्ष और 1100 नगरसेवक जीते: सुनील तटकरे

अच्छे से अच्छा प्रदर्शन कर रही है एनसीपीअब मनपा चुनाव में देंगे ध्यान

मुंबई: हाल ही में हुए नगर परिषद और नगरपालिका चुनावों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। पार्टी ने सीधे 38 नगराध्यक्ष पदों पर जीत हासिल की है, जबकि राज्यभर में पार्टी के चुनाव चिह्न ‘घड़ी’ पर करीब 1100 नगरसेवक निर्वाचित हुए हैं। यह जानकारी एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे ने मुंबई स्थित प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता में दी।

सुनील तटकरे ने बताया कि इन चुनावों में राष्ट्रवादी कांग्रेस और महायुति के सहयोगी दल भाजपा और शिवसेना को जनता का अच्छा समर्थन मिला है। कई जगहों पर एनसीपी ने अकेले चुनाव लड़ा, तो कहीं भाजपा-एनसीपी और कहीं एनसीपी-शिवसेना के बीच गठबंधन रहा।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने कुल 3,681 सीटों पर नगरसेवक पद के लिए उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से 1,090 उम्मीदवार जीतकर आए, जो करीब 1100 का आंकड़ा है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर स्थानीय और विकास आघाड़ी के तहत भी एनसीपी समर्थित नगरसेवक चुने गए हैं, जिन्हें आधिकारिक आंकड़ों में शामिल नहीं किया गया है।

तटकरे ने कहा कि चुनाव न होने के कारण पिछले नौ वर्षों से जनता में नाराजगी थी, लेकिन लंबे अंतराल के बाद चुनाव होने से लोगों में उत्साह भी देखने को मिला। खासतौर पर ग्रामीण इलाकों में राष्ट्रवादी कांग्रेस का स्ट्राइक रेट बेहतर रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री अजित पवार, राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, मंत्रिमंडल के सहयोगियों और स्टार प्रचारकों ने जमीनी स्तर पर प्रभावी प्रचार किया। भले ही हर जगह सफलता नहीं मिली, लेकिन पार्टी ने टीमवर्क के साथ चुनाव लड़ा, जो काबिल-ए-तारीफ है।

सुनील तटकरे ने संकेत दिया कि अब पार्टी का फोकस आगामी महानगरपालिका, जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों पर रहेगा, जिनके लिए रणनीति तैयार की जा रही है।

इस अवसर पर पार्टी के कोषाध्यक्ष विधायक शिवाजीराव गर्जे, विधायक सना मलिक-शेख, प्रदेश महासचिव संजय तटकरे, सूरज चव्हाण और लतीफ तांबोली उपस्थित थे।

###

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button