उत्तराखंड में मौसम का तांडव, टिहरी में भूस्खलन से कई परिवार रेस्क्यू; आज चार जिलों में हाई

उत्तराखंड में मौसम का तांडव जारी है। टिहरी में बीती रात भूस्खलन के कारण कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके बाद कई परिवारों को रेस्क्यू किया गया। आज चार जिलों में हाई अलर्ट घोषित है।
उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी है। टिहरी जिले के भिलंगना ब्लॉक के थार्ती सरमोली गांव में मंगलवार रात भारी बारिश से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। यहां 25 परिवारों को स्कूल भवन में शिफ्ट किया गया है। वहीं, सरूणा ग्यारह गांव के बडियार कुड़ा तोक में भी भूस्खलन से कई घर खतरे में हैं और कृषि भूमि तबाह हो गई है। इसके अलावा विकासनगर के जीवनगढ़ में छह मकान ध्वस्त हो गए। गुरुवार को कुमाऊं के चार जिलों नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
लगातार बारिश और भूस्खलन से हालात भयावह
बीते चार दिनों से हो रही भारी बारिश से भिलंगना ब्लॉक में भारी नुकसान हुआ है। एसडीएम संदीप कुमार ने बुधवार को थार्ती सरमोली गांव का जायजा लिया। गांव में कुछ मकानों की दीवारें पूरी तरह धंस गईं। जबकि कई घरों में गहरी दरारें पड़ गई हैं। भूस्खलन से रास्तों, गूल आदि को भी नुकसान हुआ है। ग्राम प्रधान विकास बिष्ट ने बताया कि 30 से 40 मीटर लंबे क्षेत्र में दरारें पड़ रही हैं। 2019 से ग्रामीण विस्थापन-पुनर्वास की मांग कर रहे।