मुंबई मनपा चुनाव का भार नवाब मलिक के कंधों पर मुंबई चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष की दी गई जिम्मेदारी —

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता नवाब मलिक को मुंबई चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी; अजित पवार और सुनील तटकरे ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
नवाब मलिक की अध्यक्षता में लड़ेगी राष्ट्रवादी कांग्रेस मुंबई महानगरपालिका का चुनाव
मुंबई, 13 अगस्त
आगामी महिनों में होने वाले मुंबई महानगरपालिका चुनावों के मद्देनज़र, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता नवाब मलिक को मुंबई चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति की घोषणा राकांपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुनील तटकरे ने की।
उल्लेखनीय है कि नवाब मलिक हिंदी भाषियों और मुस्लिम अल्पसंख्यक समुदाय में काफी चर्चित और संगठन को मजबूती प्रदान करने वाले प्रमुख नेताओं में से हैं।
राकांपा के एक मज़बूत और प्रभावशाली नेता के रूप में पहचाने जाने वाले नवाब मलिक मुंबई अध्यक्ष के पद पर रह चुके हैं ।
नवाब मलिक को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री अजित पवार तथा प्रदेश अध्यक्ष सांसद सुनील तटकरे ने सौंपी है।
नवाब मलिक की अध्यक्षता में बनी मुंबई चुनाव प्रबंधन समिति में मुंबई कार्याध्यक्ष शिवाजीराव नलावडे, मुंबई कार्याध्यक्ष सिद्धार्थ कांबले, विधायक सना मलिक-शेख, पूर्व विधायक ज़ीशान सिद्दीकी, प्रदेश महासचिव संतोष धुवाली, प्रदेश उपाध्यक्ष भास्कर विचारे, प्रदेश प्रवक्ता संजय तटकरे, तथा राजू घुगे शामिल हैं।.
आमंत्रित सदस्यों में दक्षिण ज़िला अध्यक्ष महेंद्र पानसरे, उत्तर-पश्चिम मुंबई ज़िला अध्यक्ष अजय विचारे, उत्तर-मध्य मुंबई ज़िला अध्यक्ष अर्शद अमीर, उत्तर मुंबई ज़िला अध्यक्ष इंद्रपाल सिंह, और उत्तर-पूर्व मुंबई ज़िला अध्यक्ष सुरेश भालेराव का समावेश है।