इंडियन ऑयल ने उठाए सख्त कदम.141 एलपीजी वितरकों के खिलाफ की कार्रवाई.5 वितरकों का निलंबन.
–मुंबई -वैश्विक ऊर्जा बाजारों को प्रभावित कर रहे वर्तमान भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के बावजूद, देश में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर, पर्याप्त एवं सतत निगरानी में बनी हुई है। उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इंडियन ऑयल द्वारा निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 28 लाख एलपीजी सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है, जो सामान्य परिस्थितियों के अनुरूप है।
उपभोक्ताओं को एलपीजी रिफिल बुकिंग हेतु एसएमएस एवं आईवीआरएस जैसे डिजिटल माध्यमों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि लगभग 87 प्रतिशत बुकिंग अब डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्राप्त हो रही हैं। पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC-OTP) के माध्यम से ही सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है।
कॉर्पोरेशन अपने सोशल मीडिया मंचों पर प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों पर सक्रिय रूप से संज्ञान लेते हुए उनका त्वरित समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इंडेन उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि किसी भी प्रकार की सहायता के लिए indanecareho@indianoil.in पर संपर्क करें।
इसी बीच, कुछ एलपीजी वितरकों द्वारा कदाचार की प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष निरीक्षण जांच चलाया जा रहा है। अब तक 7,500 से अधिक औचक निरीक्षण किए जा चुके हैं, जिनमें 141 वितरकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, जबकि 5 वितरकों को निलंबित किया गया है।इंडियन ऑयल एवं अन्य तेल विपणन कंपनियां राज्य सरकारों के सहयोग से देशव्यापी स्तर पर कड़ी निगरानी बनाए हुए हैं। अब तक लगभग 68,000 छापेमारी की गई है, 855 प्राथमिकी दर्ज हुई हैं तथा 48,000 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए हैं।इंडियन ऑयल सभी उपभोक्ताओं को आश्वस्त करता है कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है तथा आपूर्ति पूर्णतः सामान्य बनी हुई है। उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे घबराहट में बुकिंग या अनावश्यक भंडारण से बचें एवं वितरकों के पास अनावश्यक भीड़ न लगाएं।साथ ही, उपभोक्ताओं से अपील की जाती है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।इंडियन ऑयल निर्बाध आपूर्ति, पारदर्शी वितरण प्रणाली एवं कदाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।